मुज़फ्फरनगर। जिले में फर्जी और अपंजीकृत क्लिनिकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक और बड़ी कार्रवाई की है। ज़िलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के आदेश पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के अंतर्गत मंगलवार को शाहपुर ब्लॉक के नगर पंचायत पुरबलियांन में एक अवैध रूप से संचालित क्लिनिक/नर्सिंग होम को सील कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जब क्लिनिक की जांच की गई तो मौके पर न तो कोई वैध पंजीकरण प्रमाणपत्र मौजूद था और न ही किसी डॉक्टर की शैक्षिक योग्यता से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत किए जा सके। टीम द्वारा पूछताछ के दौरान क्लिनिक संचालक कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद ब्लॉक चिकित्सा अधीक्षक शाहपुर डॉ. ओम प्रकाश जायसवाल के नेतृत्व में नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई और आवश्यक कानूनी नोटिस जारी किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि जन स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले के सभी ब्लॉकों में इस तरह के अवैध रूप से चल रहे क्लिनिकों और नर्सिंग होम की लगातार जांच की जा रही है, और जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।
