मुजफ्फरनगर। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस ने यातायात सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से व्यापक अभियान ‘नो हेलमेट–नो हाईवे’ लागू किया है। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में तथा एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों और ट्रैफिक स्टाफ की संयुक्त निगरानी में संचालित हो रहा है।
पुलिस प्रशासन ने जिले के भीतर 66 स्थानों को ‘डेंजर पॉइंट’ घोषित किया है। इनमें हाईवे से जुड़े जंक्शन, व्यस्त चौराहे, घुमावदार संपर्क मार्ग तथा खतौली, मंसूरपुर, छपार, बुढ़ाना व पुरकाजी क्षेत्र के मार्ग प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन स्थानों पर सुबह से शाम तक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जहां बिना हेलमेट हाईवे पर जा रहे बाइक सवारों को तुरंत रोक दिया जाता है।
अभियान में पुलिसकर्मी चालकों को मानक गुणवत्ता वाले हेलमेट पहनने, ओवरस्पीडिंग से बचने और ट्रिपल राइडिंग न करने के लिए समझा रहे हैं। कई स्थानों पर लोगों को पंपलेट बांटकर जागरूक भी किया गया। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य दंडात्मक के बजाय शिक्षात्मक और सुरक्षा-केंद्रित रखा गया है।
पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में अभियान को और व्यापक किया जाएगा तथा दुर्घटना-संवेदनशील मार्गों पर स्थायी मॉनिटरिंग भी बढ़ाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group