मुजफ्फरनगर। जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने व्यापक प्रशासनिक तबादले किए हैं। कई चौकियों के प्रभारियों को नई तैनाती दी गई है, जबकि कुछ को थानों में भेजा गया है। यह कदम क्षेत्रीय संतुलन और कार्यकुशलता बढ़ाने की कवायद माना जा रहा है।
आदेश के तहत चरथावल क्षेत्र की हिंडन चौकी के प्रभारी रहे सब-इंस्पेक्टर गोविंद चौधरी को रामपुर तिराहा चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं भैंसी चौकी पर तैनात अमित कुमार को बागोवाली चौकी प्रभारी बनाया गया है। उनके स्थान पर तूफान सिंह को हिंडन चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
थाना पुरकाजी में तैनात कौशलेंद्र प्रताप सिंह को लालूखेड़ी चौकी की कमान दी गई है। बेगराजपुर चौकी प्रभारी किशन सिंह को वहां से हटाकर थाना मंसूरपुर भेजा गया है, जबकि लालूखेड़ी के प्रभारी कामिल चौधरी का तबादला थाना मीरापुर किया गया है।
बागोवाली के पूर्व प्रभारी रुपेश कुमार को अब रतनपुरी थाना क्षेत्र की सठेड़ी चौकी का प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह थाना भोपा से आनंद कुमार को कुटबा चौकी, जबकि उप-निरीक्षक पिंटू को मोरना चौकी की जिम्मेदारी मिली है। बलवा चौकी प्रभारी पंकज शर्मा को बेगराजपुर चौकी में तैनात किया गया है।
इसके अतिरिक्त रामपुर तिराहा चौकी प्रभारी दीपक को रुड़की चौकी भेजा गया है, जबकि वहां तैनात गणेश शर्मा को थाना नई मंडी क्षेत्र की गांधीनगर चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
एसएसपी कार्यालय ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नए स्थान पर कार्यभार संभालने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
