मुजफ्फरनगर। शहर की गांधी कॉलोनी में हुई चोरी की घटना ने रिश्तों की मर्यादा को शर्मसार कर दिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस वारदात की मास्टरमाइंड घर की ही भांजी थी, जिसने अपने दोस्त के साथ मिलकर मामा के घर से लाखों रुपये के जेवरात चोरी कराए।
थाना नई मंडी क्षेत्र की गांधी कॉलोनी निवासी विकास ढींगरा ने 12 दिसंबर को घर से आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन पूरा परिवार बाहर गया हुआ था। इसी का फायदा उठाकर चोरी को अंजाम दिया गया।
जांच में पुलिस ने मान्या मुखेजा को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने दोस्त दानिश हसन उर्फ बिट्टू को घर की पूरी जानकारी दी थी। आरोपी युवती ने घर के कीमती जेवरात कहां रखे हैं, इसकी जानकारी देने के साथ-साथ गेट का रिमोट भी सौंप दिया था।
दानिश ने मौके पर पहुंचकर घर में प्रवेश किया और सोने की चेन, अंगूठियां, कड़े, टॉप्स सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। भागते समय घर के सदस्य को देखकर आरोपी ने मिर्ची स्प्रे का इस्तेमाल किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से जेवरात, मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य सामान बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार चोरी का कुछ माल पहले ही बेच दिया गया था। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group