मुजफ्फरनगर। थाना मंसूरपुर क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर में एक विधवा महिला के बंद मकान से हुई चोरी की घटना का पुलिस ने एक दिन के भीतर सफल खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से चोरी किया गया कीमती सामान भी बरामद कर लिया है।
पीड़िता महिला द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया था कि उसके घर से गैस सिलेंडर, इनवर्टर की बैटरी, घरेलू सामान और नकदी चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और क्षेत्र में लगातार दबिश व जांच अभियान चलाया गया। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने मंथन पुत्र सुरेंद्र त्यागी एवं विशाल पुत्र पवन कुमार को दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया गैस सिलेंडर, नकदी, बैटरी से जुड़ा सामान, दो चाकू और एक एयरगन बरामद की है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
