मुजफ्फरनगर।आगामी चुनावों से पहले मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चल रहे विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने शनिवार को शहर के रामलीला टीला स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय (पटेल कन्या) में स्थापित मतदान बूथों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) से मतदाता पंजीकरण, नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया, फॉर्म-6, फॉर्म-7 व फॉर्म-8 की प्रगति और ऑनलाइन प्रविष्टियों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे और मृतक, डुप्लीकेट अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएं।
जिलाधिकारी ने BLO ऐप के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कई मामलों में मतदाताओं की तस्वीरें अस्पष्ट पाई जा रही हैं, जो भविष्य में समस्या बन सकती हैं। ऐसे में BLO स्वयं मौके पर जाकर स्पष्ट फोटो अपलोड कराएं। डीएम ने मौजूद मतदाताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय भाजपा नेता राधे वर्मा, पूर्व सभासद नरेश, सपा बीएलए मोहम्मद उमर, सहायक निर्वाचन अधिकारी राहुल तेवतिया, सुपरवाइजर अमरजीत सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। डीएम ने दो टूक कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की रीढ़ है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
