मुज़फ्फरनगर | थाना तितावी क्षेत्र के नरोत्तमपुर गांव से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहाँ एक पारिवारिक विवाद का खामियाजा मासूम बच्चियों को भुगतना पड़ रहा है। झगड़े के एक मामले में माता-पिता के जेल चले जाने के बाद उनकी तीन बेटियों को स्कूल से बाहर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार नरोत्तमपुर निवासी धीरज कुमार और उनकी पत्नी को पड़ोसियों से हुए विवाद के बाद न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया। इस दौरान घर पर उनकी तीन नाबालिग बेटियाँ रह गईं, जो रोज़ की तरह स्कूल पहुँचीं, लेकिन वहां उन्हें पढ़ाई से रोक दिया गया।
आरोप है कि कल्याणकारी कन्या इंटर कॉलेज, कांजीखेड़ा-जाग्गाहेड़ी के प्रशासन ने माता-पिता के जेल में होने का हवाला देते हुए तीनों छात्राओं का नाम विद्यालय रजिस्टर से काट दिया और उन्हें टीसी सौंप दी।
पीड़ित परिवार का कहना है कि स्कूल प्रशासन ने न सिर्फ बच्चियों को शिक्षा से वंचित किया, बल्कि उनके साथ अपमानजनक व्यवहार भी किया। छात्राओं में गुरमीत रानी- कक्षा 9 , उपासना रानी – कक्षा 8 सहित एक अन्य छात्रा शामिल है।
मामले को लेकर पिता धीरज कुमार ने जिलाधिकारी से लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। अब यह मामला प्रशासनिक स्तर पर जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर तूल पकड़ता जा रहा है।
