मीरापुर (जनपद मुजफ्फरनगर)। मीरापुर बाइपास क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां एक रेस्टोरेंट परिसर में कार्यरत अनुराग (उम्र लगभग 31 वर्ष) की पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुराग रेस्टोरेंट में पार्किंग कर्मचारी के रूप में कार्य कर रहा था। शाम के समय वह अचानक नजरों से ओझल हो गया। काफी देर तक संपर्क न होने पर कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान रेस्टोरेंट के पीछे बने खुले और गहरे गड्ढे में पानी के अंदर उसका शव दिखाई दिया, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। थाना मीरापुर प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शुरुआती जांच में किसी तरह की मारपीट या आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं और मौत का कारण डूबना माना जा रहा है।
परिजनों ने बताया कि अनुराग को हाल ही में नौकरी मिली थी और वह परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहा था। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और परिसर में सुरक्षा मानकों की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group