मुजफ्फरनगर। जिले में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह मॉक ड्रिल शाम 6 बजे से शुरू होगी, जिसका मुख्य आयोजन स्थल DAV इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर रहेगा, जबकि इसका प्रभाव पूरे शहर में देखा जा सकेगा।
प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, मॉक ड्रिल के दौरान शहर में हवाई हमले की चेतावनी का सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही करीब 10 से 15 मिनट तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इस दौरान पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सायरन बजाती हुई सड़कों पर चलेंगी, जिससे लोगों को वास्तविक आपात स्थिति जैसा अनुभव हो सकता है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक अभ्यास है, किसी भी प्रकार की वास्तविक घटना या खतरे की स्थिति नहीं है। नागरिकों से अपील की गई है कि पहला सायरन सुनते ही घबराएं नहीं, अफवाह न फैलाएं और अपने घरों, दुकानों व प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद कर दें। सड़क पर चल रहे वाहन चालक भी वाहन रोककर उसकी लाइट बंद रखें।
दूसरी बार सायरन बजने पर मॉक ड्रिल समाप्त मानी जाएगी और स्थिति सामान्य हो जाएगी। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि यह रिहर्सल जन-सुरक्षा को मजबूत करने और नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में सही व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने सभी नगरवासियों से सहयोग और शांति बनाए रखने की अपील की है।
