मुज़फ्फरनगर। शहर के पुराने इलाके में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सदी पुराने रिहायशी मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया, हालांकि परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए।
यह हादसा नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पांच पीर जादगान, दाल मंडी इलाके में हुआ। जिस मकान में आग लगी, वह करीब 100 वर्ष पुराना बताया जा रहा है और इसके स्वामी पुष्पेंद्र कुमार हैं, जो पेशे से खिलौना व्यापारी हैं।
जानकारी के अनुसार, आग रात लगभग 3:30 बजे लगी। उस समय पूरा परिवार गहरी नींद में था। अचानक घर के अंदर से तेज आवाज आई और देखते ही देखते धुआं फैल गया। आग लगते ही मकान में अफरा-तफरी मच गई।
आग की लपटें तेजी से फैल रही थीं। घर के मुख्य दरवाजे से निकलना संभव नहीं था। ऐसे में पड़ोसियों ने लकड़ी की सीढ़ी लगाकर परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। यदि कुछ मिनट की भी देरी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम 10 से 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से आसपास के मकानों को बचा लिया गया।
पीड़ित गृहस्वामी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि आग में करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, जूते, फ्रिज, वाशिंग मशीन, टीवी, मोबाइल फोन, लकड़ी के दरवाजे और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर राज्य मंत्री एवं मुज़फ्फरनगर सदर विधायक कपिल देव अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
