मुज़फ्फरनगर। जनपद के मुज़फ्फरनगर में बेसिक शिक्षा विभाग उस समय चर्चा में आ गया, जब बीएसए कार्यालय के बाहर एक प्रधान सहायक ने अपने अधिकारों की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। मामला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जुड़ा है, जहां तैनात प्रधान सहायक अशोक मलिक पिछले कई महीनों से वेतन न मिलने और कार्यभार न दिए जाने से आहत होकर खुले विरोध पर उतर आए।
धरने पर बैठे अशोक मलिक का कहना है कि बीते लगभग सात महीनों से उनका वेतन रुका हुआ है, जबकि वे लगातार अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यालय में उनके बैठने के लिए कमरा तक बंद कर दिया गया है, जिससे न तो वह हाजिरी लगा पा रहे हैं और न ही किसी प्रकार का कार्य कर पा रहे हैं।
प्रधान सहायक ने यह भी बताया कि कुछ समय पूर्व उनका तबादला ऐसे स्थान पर कर दिया गया, जो नियमानुसार नहीं था। इस संबंध में उन्होंने उच्च स्तर पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद आदेश निरस्त भी हुआ, लेकिन इसके बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया।
धरने की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों में हलचल मच गई। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मामला नहीं सुलझा तो अन्य कर्मचारी भी आंदोलन के समर्थन में उतर सकते हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से जांच और समाधान का आश्वासन दिया गया है, लेकिन धरनारत कर्मचारी का कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
