मुजफ्फरनगर। जिले में ठंड और संभावित शीतलहर को देखते हुए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार के नेतृत्व में सोमवार को नगर क्षेत्र और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर संचालित रैन बसेरों एवं अलाव की व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण द्विवेदी, नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी प्रज्ञा सिंह सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने साईं मंदिर के पास स्थित रैन बसेरा, रेलवे स्टेशन परिसर, जानसठ फ्लाईओवर, भोपा फ्लाईओवर और अन्य स्थानों पर स्थापित अलावों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में निर्देश दिए कि रैन बसेरों में किसी भी निराश्रित व्यक्ति को जमीन पर सोने की अनुमति न दी जाए। सभी के लिए फोल्डिंग बेड, कंबल, गर्म पानी और मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में निरीक्षण के दौरान कोई व्यक्ति जमीन पर सोता मिला तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
इसके साथ ही अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि बढ़ती ठंड को देखते हुए कोई भी व्यक्ति खुले में या सड़क किनारे सोता हुआ नहीं दिखना चाहिए। ऐसे सभी जरूरतमंद लोगों को तत्काल रैन बसेरों में पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में ठहरे लोगों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उनसे मिली शिकायतों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अलाव स्थलों पर लकड़ी और ईंधन की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group