मुज़फ्फरनगर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उमेश मिश्रा ने सोमवार को श्रीराम कॉलेज में दीप प्रज्वलित कर मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम की शुरुआत की। यह विशेष पुनरीक्षण अभियान 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक चलाया जाएगा। इस दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं सहित ऐसे लोगों के नाम भी मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे, जिनके नाम अभी सूची में दर्ज नहीं हैं।
जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नए मतदाताओं को अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-06 भरना होगा। यह फॉर्म बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के पास, तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्रों पर तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों के लिए कार्यालय आना संभव नहीं है, वे फॉर्म-06 ऑनलाइन भी भर सकते हैं।
इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट उपलब्ध हैं—


https://voters.eci.gov.in
https://ceouttarpradesh.nic.in


साथ ही वोटर हेल्पलाइन ऐप के जरिए भी अपना नाम चेक किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया—


फॉर्म-06 — नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए
फॉर्म-07 — नाम हटाने या आपत्ति के लिए
फॉर्म-08 — पता व अन्य प्रविष्टियों में संशोधन के लिए


उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे न सिर्फ अपना, बल्कि आसपास रहने वाले पात्र लोगों का भी नाम मतदाता सूची में जोड़वाने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान नये मतदाताओं को फॉर्म-06 वितरित किए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी न्यायिक बुढ़ाना श्री कृष्णकांत विश्वकर्मा तथा श्रीराम कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने अधिक से अधिक युवाओं को मतदान के लिए पंजीकरण कराने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group