मुज़फ़्फरनगर में सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत एक युवक के लिए मुसीबत बन गई। मीरापुर थाना परिसर के भीतर फिल्मी अंदाज़ में रील बनाकर उसे इंटरनेट पर डालना युवक को इतना महंगा पड़ा कि पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक आमिर पुत्र समीम निवासी गांव सिकंदरपुर ने थाना परिसर के अंदर खड़े होकर फिल्मी डायलॉग के साथ रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस अधिकारियों तक मामला पहुंचा, जिसके बाद तत्काल संज्ञान लेते हुए युवक को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सफाई दी कि वह केवल सोशल मीडिया पर प्रसिद्ध होना चाहता था और उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह कानूनी परेशानी बन सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि थाना जैसी संवेदनशील जगह पर वीडियो बनाना सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है।
पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह के मामलों में अब सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति कानून को हल्के में न ले। यह घटना युवाओं के लिए एक सबक भी मानी जा रही है कि इंटरनेट की लोकप्रियता के चक्कर में भविष्य को दांव पर न लगाएं।
