मुजफ्फरनगर। मेरठ जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक भानू भास्कर ने शनिवार को बिना पूर्व सूचना खतौली कोतवाली का दौरा कर पुलिस व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं, लंबित विवेचनाओं और सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की।
एडीजी भानू भास्कर ने कोतवाली क्षेत्र में हुई डकैती की घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को विवेचना में तेजी लाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में खड़े अनुपयोगी वाहनों, अव्यवस्थित अभिलेखों और साफ-सफाई की स्थिति पर एडीजी ने असंतोष जताया। उन्होंने तुरंत प्रभाव से थाना परिसर को व्यवस्थित करने और नागरिकों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद एडीजी भानू भास्कर ने कोतवाली से जानसठ तिराहे तक पैदल भ्रमण कर बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक, अतिक्रमण और पुलिस गश्त की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अतिक्रमण हटाने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी रामाशीष यादव और कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र बघेल भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एडीजी द्वारा दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करने का आश्वासन दिया।
