मुज़फ़्फ़रनगर। शहर में स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल वांछित बदमाश को सिविल लाइन पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया। आरोपी पर ₹25,000 का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से पुलिस की तलाश में चल रहा था। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे कस्टडी में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के संधावली अंडरपास के पास वाहन चेकिंग के दौरान हुई। पुलिस के अनुसार, बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो वह भागने लगा। पीछा करने पर उसकी बाइक फिसल गई और उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
घायल बदमाश की पहचान परवेज़ आलम उर्फ़ टेप निवासी मुज़फ़्फ़रनगर के रूप में की गई है। पुलिस का कहना है कि वह स्नैचिंग, लूट एवं अवैध हथियार रखने जैसे कई आपराधिक मामलों में नामजद है और उस पर घोषित ₹25,000 का इनाम भी दर्ज था। बताया गया कि आरोपी महिलाओं से चेन छीने जाने के कई मामलों में वांछित था।
मौके से पुलिस ने एक देशी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस
,बिना नम्बर की मोटरसाइकिल, बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में सक्रिय स्नैचिंग गैंग के नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है और फरार साथियों की तलाश भी जारी है।
