
मुज़फ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र के हुसैनपुर कलां गांव में पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने वाले 23 वर्षीय अनस की बुधवार देर शाम सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई। अनस 19 नवंबर को गंभीर रूप से जल गया था और तभी से इलाज के दौरान उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी।
घटना के बाद वायरल हुए एक वीडियो में अनस ने दावा किया था कि स्थानीय पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मारपीट की और लाखों रुपये की डिमांड की थी। इस आरोप ने पूरे जिले में चर्चा और सवाल खड़े कर दिए थे। हालांकि, बाद में अनस के पिता ने एक अलग वीडियो जारी कर बेटे के कथनों को गलत बताया था। उनका कहना था कि पुलिस की ओर से किसी भी तरह का उत्पीड़न नहीं हुआ।
अनस की मौत के बाद अब मामला और संवेदनशील हो गया है। प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक कार्रवाई में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है। जांच अधिकारी वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटा रहे हैं, ताकि घटना के वास्तविक कारण और संभावित दबाव को स्पष्ट किया जा सके।
