मुज़फ्फरनगर में उद्योगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को जिला उद्योग बंधु समिति की महत्वपूर्ण बैठक जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जहां कई लंबित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा हुई और मौके पर ही समाधान की दिशा तय की गई।
बैठक के दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आरओ ने काली नदी प्रदूषण नियंत्रण को लेकर अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि नदी में गिरने वाले अपशिष्ट जल को रोकने के लिए 4 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) लगाए जा चुके हैं तथा 10 बड़े नालों को सफलतापूर्वक टैप किया जा चुका है। इस प्रगति पर समिति ने संतोष जताते हुए मामले को निस्तारित मान लिया।
सिल्वरटोन इंडस्ट्रीज लिमिटेड की एनओसी फाइल पर प्रभागीय वन अधिकारी (DFO) ने बताया कि प्रस्ताव 14 जनवरी 2026 को मुख्यालय भेजा गया था, जो वर्तमान में भारत सरकार स्तर पर विचाराधीन है।
स्वास्तिक पेस्टीसाइड्स लिमिटेड, मखियाली की विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्या पर अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड-प्रथम ने स्पष्ट किया कि मामला मुख्यालय स्तर का है और सरचार्ज जमा होते ही समाधान संभव है। इस पर इकाई स्वामी ने सहमति जताई, जिसके बाद समिति ने प्रकरण निस्तारित कर दिया।
इंडो गल्फ फार्मास्यूटिकल्स, मेरठ रोड के जीएसटी प्रकरण में उपायुक्त जीएसटी ने जानकारी दी कि 22 जनवरी 2026 को आदेश जारी किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने सभी औद्योगिक संगठनों से अपील की कि वे औद्योगिक आस्थानों के मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण में एमडीए और नगर पालिका के साथ मिलकर योगदान दें।
बैठक का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग श्री आशीष कुमार ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण, डीएफओ श्री अभिनव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group