मुज़फ्फरनगर। थाना ककरौली क्षेत्र के बेहड़ा सादात गांव के निकट बैराज मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया के पास रविवार देर शाम हुआ सड़क हादसा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। जानकारी के अनुसार दो युवक बाइक से बैराज मार्ग से गुजर रहे थे। पुलिया के पास सड़क किनारे पड़ी ढलान और फिसलन भरे हिस्से के कारण बाइक असंतुलित हो गई और सीधे नीचे बने राजवाहे में जा गिरी।
हादसे में गंगदासपुर निवासी भंवर सिंह (60) पुत्र तिलकराम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों व राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। चिकित्सकों ने भंवर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि मेघाशकरपुर निवासी जसवीर पुत्र राजकुमार को अधिक गंभीर चोटें आने के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया।
सूचना पर थाना प्रभारी जोगिंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजते हुए हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिया निर्माण स्थल के आसपास रात में रोशनी, चेतावनी संकेत और बैरिकेडिंग की व्यवस्था नहीं है।
