मुज़फ्फरनगर। रिज़र्व पुलिस लाइन में शुक्रवार सुबह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने अचानक पहुंचकर परेड और बल की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। एसएसपी ने परेड में उपस्थित अधिकारियों व जवानों की अनुशासन व्यवस्था, लाइनअप और टर्नआउट को अलग–अलग टोली बनाकर जांचा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी शारीरिक व मानसिक रूप से हर स्थिति के लिए तैयार रहें। इसी उद्देश्य से परेड ग्राउंड में जवानों को दौड़ लगवाकर फिटनेस का आकलन किया गया। शस्त्र संचालन, उनकी सफाई तथा सुरक्षित रख-रखाव पर भी विशेष अभ्यास कराया गया।
एसएसपी वर्मा ने पुलिस लाइन में तैनात सभी वाहनों का स्वयं परीक्षण किया। हूटर, लाइट, संचार उपकरण, आपातकालीन किट और मेडिकल बॉक्स सहित आवश्यक सामग्रियों को परखते हुए उन्होंने संबंधित कर्मियों को तत्क्षण सुधार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ड्रोन कैमरे की कार्यप्रणाली भी परखी गई। एसएसपी ने तकनीकी टीम से इसकी नियमित जांच और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस बल को सर्वोत्तम तैयारी के साथ ड्यूटी पर रहना होगा।
