मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के सरधना थाना क्षेत्र अंतर्गत कपसाड़ गांव में सामने आए सनसनीखेज अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। अपहृत दलित युवती को उत्तराखंड के हरिद्वार से सकुशल बरामद कर लिया गया है, मुख्य आरोपी पारस सोम पुलिस की गिरफ्त में है।
घटना कुछ दिन पूर्व की है, जब युवती अपनी मां के साथ खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव का ही युवक पारस सोम अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और युवती को जबरन उठा ले गया। मां ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कई विशेष टीमें गठित कीं। मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी की लोकेशन हरिद्वार में ट्रेस की गई। दबिश के दौरान पुलिस ने युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
बरामद युवती को मेडिकल जांच के बाद परिवार को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही हत्या, अपहरण और एससी/एसटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group