मेरठ। सरूरपुर क्षेत्र की तहसील में एक किसान अपने जमीन विवाद को लेकर उस समय टूट पड़ा, जब उसकी सुनवाई लगातार लटकती दिखी। कालीना गांव निवासी किसान राजीव कई दिनों से अपनी जमीन के बंटवारे को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहा था, लेकिन मामला आगे न बढ़ने पर वह तहसील परिसर में ही भावुक होकर रोने लगा।
किसान का कहना है कि उसकी जमीन के बटवारे में ग़लत माप होने की वजह से उसका हिस्सा कम दिखाया जा रहा है। उसने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया में उसके साथ निष्पक्षता नहीं बरती गई और उसकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। निराश होकर उसने अधिकारियों के सामने कहा कि लगातार हो रहे दबाव और अनसुनी शिकायतों से वह टूट चुका है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों ने किसान से बात कर उसे शांत कराया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जमीन विवाद की दोबारा जांच कराई जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

