मेरठ। शहर के चर्चित सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर शादाब जकाती एक नए विवाद को लेकर चर्चा में हैं। इंचौली क्षेत्र के एक युवक ने थाने में पहुँचकर आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी जकाती के साथ काम करती है और इसी दौरान दोनों उस पर दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। युवक ने पुलिस से अपनी तथा बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
युवक का कहना है कि उसकी पत्नी लंबे समय तक घर से बाहर रहती है, जिस पर आपत्ति जताने पर उसे डराया-धमकाया जाता है। उसका आरोप है कि विवाद उठाने पर उसे नुकसान पहुँचाने की चेतावनी दी जाती है। थाने पहुंचकर उसने भावुक होते हुए पूरी घटना का विवरण दिया।
इधर, महिला ने अपने पति के आरोपों को नकार दिया। उसका कहना है कि वह शादाब जकाती के साथ केवल प्रोफेशनल काम करती है और इससे मिलने वाली आय से बच्चों का पालन-पोषण करती है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति उसके साथ दुर्व्यवहार करता है और इसी कारण वह अलग रह रही है।
वीडियो और बयान सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच, शादाब जकाती की ओर से मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस ने अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी तरह की भ्रामक अफवाह फैलाने से बचा जाए।
