मुज़फ़्फ़रनगर जनपद के मोरना कस्बे क्षेत्र में एक छात्रा को डिजिटल तरीके से बदनाम करने का मामला सामने आया है। छात्रा के परिवार ने थाने में दी शिकायत में बताया कि एक युवक ऋतिक ने उसे लगातार फोन और संदेशों के माध्यम से परेशान करना शुरू कर दिया था। जब छात्रा ने उसकी बातों को अनदेखा किया, तब युवक ने नया तरीका अपनाते हुए उसकी तस्वीरों का दुरुपयोग किया।परिवार के अनुसार आरोपी ने छात्रा की पुरानी तस्वीरों को जोड़कर एक फर्जी आपत्तिजनक वीडियो तैयार की और इसे व्हाट्सएप व सोशल मीडिया के कुछ समूहों में प्रसारित कर दिया। वीडियो वायरल होने से छात्रा और उसका परिवार मानसिक रूप से बेहद परेशान है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर यूनिट को जांच में शामिल कर लिया है। तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से वीडियो के स्रोत और वीडियो फैलाने वाले की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल उत्पीड़न के इस मामले में आरोपी पर कठोर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
