लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़े स्तर पर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने 32,679 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी है। इस भर्ती में आरक्षी नागरिक पुलिस, पीएसी, महिला बटालियन, जेल वार्डर और विशेष सुरक्षा बल सहित कई सेवाओं के पद शामिल किए गए हैं।
जारी जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 31 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 30 जनवरी 2026 तक चलेगी। उम्मीदवारों को आवेदन से पहले वन-टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना अनिवार्य होगा, जिसके बाद ही वे भर्ती पोर्टल पर फॉर्म सबमिट कर सकेंगे।
भर्ती बोर्ड के अनुसार, यह अभियान राज्य में पुलिस बल को मज़बूती देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इससे पहले वर्ष 2025 में 60,244 पदों पर हुई भर्ती के बाद अब यह दूसरा बड़ा अवसर माना जा रहा है, जिसमें हज़ारों युवाओं को पुलिस सेवा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
भर्ती में शामिल पदों की संख्या अलग-अलग कैडर के अनुसार निर्धारित की गई है। आवेदकों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट (12वीं पास) रखी गई है। वहीं, आयु सीमा सामान्य वर्ग के लिए पुरुषों हेतु 18 से 22 वर्ष और महिलाओं के लिए 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को शासन नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, शारीरिक मानक परीक्षण, शारीरिक दक्षता परीक्षण और दस्तावेज़ सत्यापन शामिल रहेंगे। भर्ती बोर्ड ने उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विज्ञापन ध्यानपूर्वक पढ़कर नियम एवं शर्तों के अनुसार आवेदन करने की सलाह दी है।

यूपी पुलिस की इस नई भर्ती को लेकर युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है, वहीं बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन करने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group