मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सर्कुलर रोड में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सुरक्षा, कानून व्यवस्था, महिला सशक्तिकरण और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों को केंद्र में रखा गया।
इस अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सहायता हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साइबर जागरूकता स्टॉल पर ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड और सुरक्षित डिजिटल भुगतान से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष स्टॉल लगाया गया, जिसमें ट्रैफिक नियमों, संकेतकों, हेलमेट व सीट बेल्ट की अनिवार्यता पर लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही पुलिस द्वारा उपयोग में लाई जाने वाली आधुनिक सुरक्षा उपकरणों एवं संसाधनों का प्रदर्शन कर आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों को दर्शाया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा ने स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजन से संवाद किया। इसके बाद सभागार में केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ का उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस संदेश दिखाया गया, जिसमें प्रदेश की प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला गया।
मुजफ्फरनगर पुलिस की इस पहल को नागरिकों ने सराहनीय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group