सहारनपुर के चिलकाना थाना क्षेत्र के ग्राम पटनी में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। गांव के युवक गौरव सैनी की हाल ही में हुई शादी अब धोखाधड़ी में बदल गई है। परिवार के अनुसार, शादी के समय दुल्हन ने अपना नाम ‘पूजा’ बताकर खुद को हिंदू समुदाय की बताया था। बाद में पता चला कि उसका वास्तविक नाम मुगली खातून है और उसने पहचान छिपाकर विवाह किया था।
घटना उस दिन सामने आई जब गौरव किसी काम से बाजार गया था और उसके माता-पिता मजदूरी के लिए बाहर थे। घर में अकेली मौजूद नवविवाहिता ने मौका पाते ही अलमारी से सोने-चांदी के जेवर, करीब 60 हजार रुपये नकद और कीमती कपड़े निकालकर घर से चुपचाप निकल गई। शाम को वापस लौटे गौरव और उसके परिवार ने जेवर और नकदी गायब मिलने पर पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दुल्हन शुरू से ही योजना बनाकर आई थी और शादी का उद्देश्य केवल चोरी करना था। गौरव ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुल्हन की पहचान और लोकेशन खंगालना शुरू कर दिया है।
