गाजियाबाद। कानून की रक्षा करने वाला ही जब कानून तोड़ने लगे तो सवाल उठना लाजमी है। गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां दिल्ली पुलिस में तैनात एक कांस्टेबल महिला से कुंडल छीनने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया।
घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। पीड़ित महिला रंजना भट्ट बाजार में खरीदारी कर रही थीं, तभी बाइक सवार युवक ने अचानक उनके कान का कुंडल झपटने का प्रयास किया। महिला के चिल्लाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए आरोपी को घेर लिया।
आरोपी की पहचान सौरभ चौधरी (31 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। लोगों ने उसे पकड़कर जमकर पिटाई की, बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब के नशे में था और मानसिक तनाव से गुजर रहा था। गाजियाबाद पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
