शामली जिले के खुरगान गांव में गुरुवार सुबह दो पक्षों के बीच हुआ विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई। सरकारी तालाब के पास गोबर डालने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते-ही-देखते लाठी-डंडों के साथ हिंसक झड़प में बदल गई। इस संघर्ष में महिलाओं सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें साजो, उसकी बेटी अमरीन वी और बेटा आवेश शामिल हैं। दूसरे पक्ष की गुलिस्ता भी घायल बताई जा रही है।
गांव वालों के अनुसार बुधवार को भी दोनों परिवारों में कहासुनी हुई थी, जिसकी शिकायत पहले पक्ष ने पुलिस थाने में दी थी। बताया जा रहा है कि उसी तनाव का असर अगले दिन फिर दिखाई दिया और दोनों पक्ष आमने-सामने भिड़ गए। हाथापाई के दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और तेज आवाजें सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्होंने किसी तरह झगड़े को शांत करने की कोशिश की।
इसी बीच किसी ग्रामीण ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीरों पर कुल 19 लोगों के खिलाफ नामजद और अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया है।

