शामली में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक सक्रिय महिला चोर को दबोच लिया। आरोपी महिला लंबे समय से प्रदेश के कई जिलों में सुनारों की दुकानों और भीड़भाड़ वाले बाज़ारों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रही थी। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार महिला रोशन उर्फ पोपल, बिजनौर जिले के पक्का बाग मोहल्ले की रहने वाली है और पिछले तीन वर्षों से अपने चाचा के साथ चोरी के नेटवर्क को चला रही थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से सोने की चैन और कुंडल सहित लगभग ढाई लाख रुपये के आभूषण बरामद किए हैं। रोशन पर बिजनौर, गाजियाबाद, अयोध्या, शामली और गढ़ीपुख्ता में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि आर्थिक तंगी के कारण वह चोरी के धंधे में उतरी थी और चोरी किए गए जेवर ओने-पोने दामों में बेचती थी। पुलिस अब फरार चाचा की तलाश तेज कर चुकी है।

