शामली जिले के बुटराड़ी बिजलीघर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक गन्ने के खेत में हरियाणा निवासी पति-पत्नी को बेहोशी की हालत में पाया गया। ग्रामीणों ने खेत के पास एक मोटरसाइकिल खड़ी देखी और पास जाकर देखा तो दोनों अचेत अवस्था में पड़े थे। इसकी सूचना तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। महिला की हालत नाजुक होने के कारण उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतकों की पहचान हरियाणा के कैथल जिले के निवासी नरेश और उसकी पत्नी सोना के रूप में हुई है। दंपत्ति ने करीब एक साल पहले प्रेम विवाह किया था और बताया जा रहा है कि वे कुछ समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे थे।
घटनास्थल से जहरीले पदार्थ की एक शीशी भी बरामद हुई है, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group