शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र स्थित मुंडेट रोड पर निर्माणाधीन दुकानों के कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना में मृतक की पहचान राजेश पुत्र राजेंद्र निवासी बदायूं के रूप में हुई है। वह मुंडेट रोड स्थित निर्माणाधीन मार्केट में मजदूरी का काम कर रहा था। जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान ऊपरी हिस्से में लोहे की शटरिंग लगाई जा रही थी, इसी दौरान लोहे का सरिया हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया और राजेश करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे में साथ काम कर रहा मजदूर विकास चौहान निवासी डूंडूखेड़ा भी घायल बताया गया है। दोनों को साथी मजदूरों ने तुरंत जिला अस्पताल शामली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि विकास का इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही थाना आदर्श मंडी पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना संबंधी जानकारी लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
