शामली। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत झिंझाना पुलिस ने बुधवार को एक बड़ी सफलता दर्ज की। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका, जिसकी पहचान जुनैद पुत्र मुस्तकीम निवासी सिक्का, थाना झिंझाना के रूप में हुई। पूछताछ में जब वह लगातार टालमटोल करने लगा तो उसके बैग और जैकेट की तलाशी ली गई, जिसमें से 528 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही युवक को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के बाद सामने आया कि आरोपी जिस मोटरसाइकिल से घूम रहा था, वह कांधला क्षेत्र से चोरी की गई थी और उस पर लगा नंबर भी फर्जी था, जिसे पहचान छुपाने के लिए लगाया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जुनैद काफी समय से छोटे स्तर पर चरस की सप्लाई करता था और यह काम वह अपने साथी वसीम के साथ मिलकर करता था। वसीम की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
थाना झिंझाना पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन सवेरा का उद्देश्य नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करना है और यह गिरफ्तारी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है, जबकि नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
