शामली। जनपद शामली में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान ऑपरेशन सवेरा के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना झिंझाना पुलिस टीम ने संदिग्धों की चेकिंग के दौरान दो अंतरजनपदीय नशा तस्करों को दबोचते हुए उनके कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक बरामद की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान दानिश पुत्र यूनुस (निवासी बुढ़नपुर, थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर) और मुस्तफा पुत्र इलियास (निवासी बसेड़ा, थाना कैराना, जनपद शामली) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 267 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 54 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 8/21/29/60(3) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में यह संकेत मिले हैं कि आरोपी लंबे समय से नशे की सप्लाई से जुड़े हुए थे और स्मैक को आसपास के जिलों में खपाने की फिराक में थे।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सवेरा के तहत आगे भी ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी और नशा कारोबारियों के खिलाफ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group