
मुजफ्फरनगर। सर्कुलर रोड से श्रीराम कॉलेज तक जाने वाले लंबे समय से खराब पड़े मार्ग को लेकर प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बुधवार को कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने गांधी नगर स्थित अपने आवास पर जल निगम और नगर पालिका परिषद के अधिकारियों—XEN, EO, AE और JE—को तलब कर निर्माण कार्य में हो रही देरी पर गंभीर नाराजगी जताई।
मंत्री अग्रवाल इससे पहले स्वयं मौके पर पहुंचे और रेलवे फाटक के पास जलभराव व खुदी सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर बात करते हुए स्पष्ट किया कि फाटक से जुड़ी सभी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए, ताकि निर्माण कार्य बाधित न हो।
बैठक में मंत्री ने निर्देश दिए कि पहले स्थायी और वैज्ञानिक जलनिकासी व्यवस्था तैयार की जाए, उसके बाद सड़क निर्माण तेजी से शुरू किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारी को भी विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य को अविलंब प्रारंभ कराने और इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
