शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में साइबर अपराध की एक बड़ी परत उस समय खुली, जब पुलिस ने फिल्म डायरेक्टर बताने वाले पति-पत्नी को करोड़ों रुपये की ठगी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हिमांक प्रशांत कनव और उनकी पत्नी सुरभि भार्गव पर आरोप है कि उन्होंने फिल्म निर्माण और निवेश योजनाओं के नाम पर लोगों को जाल में फंसाया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने निवेशकों को यह भरोसा दिलाया कि उनके पैसे से बनने वाली फिल्मों में हिस्सेदारी दी जाएगी और कुछ ही समय में रकम कई गुना हो जाएगी। इसी भरोसे पर देश के विभिन्न राज्यों के करीब 41 लोगों ने अलग-अलग किश्तों में धनराशि ट्रांसफर की।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि एक ही दिन में बैंक खाते में 98 लाख रुपये से अधिक की रकम जमा कराई गई थी। कुल लेनदेन का आंकड़ा 1 करोड़ 77 लाख 24 हजार 87 रुपये बताया जा रहा है। यह खाता शामली के पालिका बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक में खोला गया था।
एसपी शामली नागेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामला गंभीर साइबर धोखाधड़ी का है और इसमें तकनीकी साक्ष्यों के साथ बैंक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग भी हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
