सहारनपुर/मुज़फ़्फ़रनगर। योगी सरकार ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए पनियाली कासिमपुर से तलहेड़ी तक मुज़फ़्फ़रनगर–तलहेड़ी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को स्वीकृति दे दी है। इस परियोजना के लिए ₹1265.15 लाख (लगभग ₹12.65 करोड़) का बजट जारी किया गया है। यह मार्ग सहारनपुर, मुज़फ़्फ़रनगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आवागमन की महत्वपूर्ण कड़ी माना जाता है, जहां संकरी एवं क्षतिग्रस्त सड़क के कारण आए दिन ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति पैदा हो जाती थी। लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क को विकास योजनाओं की प्राथमिक श्रेणी में शामिल करते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिस पर राज्य सरकार ने स्वीकृति प्रदान करते हुए इसे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली प्रमुख परियोजना बताया है। अधिकारियों के अनुसार सड़क निर्माण पूरा होने पर यात्रा समय कम होगा, माल व कृषि उपज के परिवहन में सुविधा बढ़ेगी तथा व्यापारिक और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
