सहारनपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। अब जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सों और मेडिकल स्टाफ के लिए यूनिफॉर्म पहनना और पहचान पत्र अनिवार्य कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि कई अस्पतालों में स्टाफ बिना पहचान के घूमता पाया गया, जिससे मरीजों और परिजनों को असुविधा होती है। इस व्यवस्था से फर्जीवाड़े को रोकने और जिम्मेदारी तय करने में मदद मिलेगी।
डीएम ने आपातकालीन मेडिकल अधिकारियों को तैनाती स्थल पर हर समय मौजूद रहने का निर्देश दिया है ताकि मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके। निरीक्षण के दौरान लापरवाही पाए जाने पर आठ आशा कार्यकर्ताओं और दो एएनएम को हटाने की संस्तुति भी की गई है। जिला प्रशासन का मानना है कि नए नियमों से अस्पतालों में अनुशासन और सेवा की गुणवत्ता दोनों में सुधार आएगा।

