खैरागढ़ (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के कैंप में आपसी विवाद एक जवान की मौत का कारण बन गया। घटना खैरागढ़ जिले के घाघरा गांव स्थित सीएएफ बटालियन कैंप की है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक जवान की अपने ही साथी की गोली लगने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे कैंप में हड़कंप मच गया।
मृतक जवान की पहचान सोनवीर जाट के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जवान अरविंद गौतम के साथ सोनवीर जाट का लंबे समय से किसी बात को लेकर आपसी मनमुटाव चल रहा था। देर रात इसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रात के समय सोनवीर जाट अपने बिस्तर पर सो रहा था, तभी आरोपी जवान अरविंद गौतम ने सरकारी हथियार से उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही कैंप में अफरा-तफरी मच गई। साथी जवानों ने घायल सोनवीर को तुरंत इलाज के लिए खैरागढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी जवान अरविंद गौतम को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच गातापार थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।
