
मुज़फ्फरनगर। संविधान दिवस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, मुज़फ्फरनगर में बुधवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सभी कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। कार्यक्रम की कमान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने संभाली।
डॉ. तेवतिया ने कहा कि संविधान न केवल देश की सर्वोच्च व्यवस्था है, बल्कि नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों की दिशा तय करने वाला आधार भी है। उन्होंने कर्मचारियों को संवैधानिक मूल्यों को अपने दैनिक कार्य में अपनाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में विभिन्न अनुभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्वास्थ्य कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाना, जिम्मेदारी का भाव मजबूत करना और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
