मुजफ्फरनगर, 21 जनवरी 2026।
जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से डॉ. सुनील तेवतिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिला चिकित्सालय परिसर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मखियाली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, व्यवस्थाओं और सेवाओं की गहन समीक्षा की।
जिला चिकित्सालय में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) के निरीक्षण में कुपोषित बच्चों के उपचार, पोषण आहार, स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता तथा माताओं को दिए जा रहे परामर्श की समीक्षा की गई। सीएमओ ने निर्देश दिए कि बच्चों के वजन, स्वास्थ्य प्रगति एवं फॉलो-अप पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कुपोषण पर प्रभावी नियंत्रण हो सके।
ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन केंद्र पर मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कनेक्टिविटी और प्रक्रिया को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात रैन बसेरा का निरीक्षण कर शीतकाल को ध्यान में रखते हुए ठहरने, कंबल, पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छता संबंधी सुविधाओं को मानक के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मखियाली के औचक निरीक्षण में ओपीडी, वार्ड, दवा वितरण कक्ष, प्रयोगशाला, लेबर रूम, इमरजेंसी सेवाएं एवं साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. भानु प्रताप को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार हेतु समयबद्ध कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए गए।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी-कर्मचारी समन्वय के साथ कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group