आगरा/फतेहाबाद। नवजात शिशु के जन्म की खुशी में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम उस समय हादसे में बदल गया, जब रस्म के दौरान चली गोली से गांव पारोली सिकरवार निवासी अजय उर्फ कठेरिया (32) पुत्र लायक सिंह की जान चली गई। घटना मंगलवार सुबह तब हुई, जब घर में ‘गुड़ बांटने की रस्म’ चल रही थी और रिश्तेदारों व ग्रामीणों सहित 30–35 लोग एकत्र थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव के सुभाष शर्मा अपनी लाइसेंसी राइफल में कारतूस लोड कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चली और पास ही खड़े अजय के सीने में जा लगी। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर दौड़े, पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कुछ ही मिनटों में खुशियों का माहौल मातमी सन्नाटे में बदल गया।
मृतक की पत्नी शिखा ने पुलिस को बताया कि यह महज़ लापरवाही नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकता है। परिजनों का दावा है कि पिछले चार वर्षों से दोनों पक्षों के बीच विवाद चलता रहा है और कई बार कहासुनी भी हो चुकी है।
घटना की सूचना मिलते ही फतेहाबाद थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने राइफल कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दी है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बयानों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group