मुजफ्फरनगर। थाना भोपा क्षेत्र के ग्राम नन्हेड़ा में रास्ते पर कब्ज़े को लेकर एक परिवार और पड़ोसी के बीच चल रहा विवाद शुक्रवार को अचानक गंभीर रूप ले बैठा। पीड़ित जितेंद्र सिंह ने थाना प्रभारी को शिकायती पत्र देकर पड़ोसी नीटू सिंह पर दबंगई और धमकी देने का आरोप लगाया है।
जितेंद्र सिंह का कहना है कि उनके घर तक आने वाला लगभग 10 से 12 फीट चौड़ा रास्ता ग्रामीणों के आवागमन के लिए सार्वजनिक मार्ग है। आरोप है कि पड़ोसी नीटू सिंह इस रास्ते पर लगातार ईंट-रेता डालकर कब्ज़ा करने की कोशिश कर रहा है। विरोध करने पर वह आए दिन गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देता है।
पीड़ित ने बताया कि 2 दिसंबर की सुबह करीब 6:40 बजे उनके बच्चे अपने घर से गाड़ी निकाल रहे थे तभी नीटू ने उन पर झूठा आरोप लगाते हुए रास्ता रोक लिया और धमकी दी कि “यह रास्ता मेरा है, तुम यहां से नहीं निकल सकते।”
जितेंद्र सिंह ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा और रास्ते को कब्ज़ा मुक्त कराने की मांग की है।

