मुजफ्फरनगर। जनपद में जब्त किए गए 1800 लीटर अपमिश्रित मिट्टी के तेल को लेकर जिला प्रशासन ने नीलामी की प्रक्रिया तय कर दी है। जिला पूर्ति अधिकारी, मुजफ्फरनगर द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह सार्वजनिक नीलामी 17 दिसंबर 2025 को दोपहर 12:30 बजे आयोजित की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार मामला माननीय न्यायालय, जिला मजिस्ट्रेट मुजफ्फरनगर में विचाराधीन वाद संख्या D202009550002901 / 02901/2020 से संबंधित है, जिसमें 13 जुलाई 2021 को पारित आदेश के तहत राज्य सरकार के पक्ष में यह अपमिश्रित मिट्टी का तेल जब्त किया गया था। वर्तमान में यह तेल सुपुर्ददार मे० फतेहचंद चंद एंड संस, विश्वकर्मा चौक के पास सुरक्षित रखा गया है।

बताया गया कि इससे पहले इस तेल की नीलामी 04 दिसंबर 2025 को प्रस्तावित की गई थी, लेकिन किसी भी बोलीदाता के उपस्थित न होने के कारण नीलामी स्थगित कर दी गई थी। अब जिला प्रशासन ने दोबारा नीलामी कराने का निर्णय लिया है।

नीलामी अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय कक्ष में “जहां है, जैसे है” के आधार पर कराई जाएगी। नीलामी में भाग लेने के लिए इच्छुक व्यक्तियों और फर्मों को ₹10,000 की धरोहर राशि जमा करनी होगी। सफल बोलीदाता को नियमानुसार भुगतान करने के बाद नीलाम सामग्री सौंप दी जाएगी, जबकि असफल बोलीदाताओं की जमा राशि वापस कर दी जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने इच्छुक बोलीदाताओं से समय पर उपस्थित होकर नीलामी में भाग लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group