मुजफ्फरनगर। अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत जनपद मुजफ्फरनगर में आबकारी विभाग ने शुक्रवार सुबह सघन छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई अपर मुख्य सचिव एवं आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई।

जिला आबकारी अधिकारी मुजफ्फरनगर के नेतृत्व में समस्त आबकारी निरीक्षकों की टीम ने पुलिस बल के साथ मिलकर उत्तराखंड बॉर्डर से सटे थाना भोपा क्षेत्र के गांव अमलावाला तथा थाना पुरकाजी क्षेत्र के ग्राम दादूपुर में दिन निकलते ही दबिश दी। अभियान के दौरान जंगल क्षेत्रों, संदिग्ध स्थलों, बंद पड़े परिसरों एवं कुछ मकानों की गहन तलाशी ली गई, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को चिन्हित कर समाप्त किया जा सके।

छापेमारी के साथ-साथ आबकारी व पुलिस टीम ने ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक भी की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को अवगत कराया कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी तुरंत क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक या पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध मदिरा के कारोबार पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group