मुज़फ्फरनगर (उत्तर प्रदेश)। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल मीनाक्षी चौक की पहचान अब बदल गई है। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में इस चौक का नाम बदलकर ‘अटल चौक’ रख दिया गया। यह घोषणा अटल जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद की ओर से आयोजित कार्यक्रम में की गई।
नामकरण कार्यक्रम के साथ शहर में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान भी चलाया गया। अटल चौक से शिव चौक तक सफाई अभियान में नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी, भाजपा पदाधिकारी और आम नागरिकों ने श्रमदान किया।
नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि विचार और संस्कार थे। उनके नाम पर चौक का नामकरण आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी ने कहा कि अटल जी ने राजनीति में शालीनता और संवाद की परंपरा स्थापित की, जिसे आज भी आत्मसात करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के माध्यम से नगर प्रशासन ने नागरिकों से स्वच्छता को रोज़मर्रा की आदत बनाने की अपील की।
