लखनऊ/मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां मंत्री सुरक्षा में तैनात पीएसी के जवान की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गुलजार अली, निवासी बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।
गुलजार अली 49वीं बटालियन पीएसी में कार्यरत थे और वर्तमान में बेसिक शिक्षा मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में शामिल थे। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के बाद वे अपने कमरे में आराम कर रहे थे, इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथी जवानों ने जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं देखी तो उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध स्थिति सामने नहीं आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। प्राथमिक तौर पर हार्ट अटैक को कारण माना जा रहा है।
जवान की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने शोक व्यक्त किया है। वहीं, बुढ़ाना में उनके घर पर मातम पसरा हुआ है। जवान के परिवार में पत्नी और छह महीने की बेटी है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की ओर से नियमानुसार सहायता की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई है।
