मैनपुरी। जनपद मैनपुरी के बरनाहल थाना क्षेत्र से सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस प्रशासन को सतर्क कर दिया है। वायरल वीडियो में एक महिला समेत कुछ युवक हथियारों के साथ रील बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो बरनाहल कस्बे के वाल्मीकि मोहल्ले का बताया जा रहा है। वीडियो में एक युवती हाथ में हथियार लेकर कैमरे के सामने पोज देती नजर आ रही है, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य युवक भी हथियारों का प्रदर्शन करते दिख रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस कर रही पहचान
इस संबंध में उप निरीक्षक बरनाहल थाना ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहे सभी लोगों की पहचान की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो में दिखाए गए हथियार असल हैं या नकली। यदि हथियार अवैध पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के वीडियो से क्षेत्र में गलत माहौल बनता है। खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन कानून व्यवस्था के लिए खतरा है और इससे युवाओं में गलत प्रवृत्ति को बढ़ावा मिलता है।
पुलिस की चेतावनी
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
