मुजफ्फरनगर। जनपद में किसानों की समस्याओं के समाधान और उन्हें कृषि से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से माह दिसंबर का किसान दिवस 17 दिसंबर 2025 (तृतीय बुधवार) को आयोजित किया जाएगा। किसान दिवस का आयोजन दोपहर 12:00 बजे से जनपद स्तर पर जिला पंचायत सभा कक्ष में किया जाएगा, वहीं विकास खण्ड स्तर पर जनपद के प्रत्येक खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में भी कार्यक्रम संपन्न होगा।
उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को किसान दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में दिसंबर माह का किसान दिवस आयोजित किया जा रहा है, जिसमें किसान भाइयों की कृषि से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि किसान दिवस के दौरान कृषि विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे और किसानों को फसल उत्पादन, बीज, खाद, सिंचाई, कीटनाशक, कृषि यंत्र, बीमा, अनुदान एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करेंगे। साथ ही किसानों की व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
कृषि विभाग ने जनपद के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि व समय पर अपने-अपने विकास खण्ड अथवा जनपद स्तर पर आयोजित किसान दिवस में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करें और इस अवसर का लाभ उठाएं।