मुजफ्फरनगर (मोरना)। मोरना-मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित बैंक्वेट हाल में गुरुवार को विश्वकर्मा समाज की ओर से विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा नेता अमित राठी ने फीता काटकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विश्वकर्मा समाज के गणमान्य लोगों सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।शोभायात्रा बैंक्वेट हाल से शुरू होकर मोरना के मुख्य मार्गों से गुजरी और वापस आयोजन स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान भगवान विश्वकर्मा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा।इस अवसर पर भाजपा नेता अमित राठी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि के महान शिल्पकार के रूप में पूजा जाता है। उन्होंने निर्माण, कला, शिल्प और तकनीक की परंपरा को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी। भगवान विश्वकर्मा की जयंती मेहनत, हुनर और सृजन के प्रति सम्मान का पर्व है। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा समाज ने अपने हुनर और परिश्रम से देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज के युवाओं को भगवान विश्वकर्मा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने कौशल को आगे बढ़ाना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने अतिथियों और समाज के गणमान्य लोगों का स्वागत किया। शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर आयोजकों ने पुलिस प्रशासन का भी आभार जताया।